https://www.facebook.com/share/v/18CyWRsMA8/
https://www.facebook.com/share/v/1FGTra54tg/
https://www.facebook.com/share/v/19LXyfry4q/
https://www.facebook.com/share/v/1D3mGfcgRP/

इंडो अमेरिकन स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर इंडो अमेरिकन स्कूल में शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय में शिक्षकों के समर्पण, मेहनत और शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना रहा। इस अवसर पर विद्यालय में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहीं श्रीमती लक्ष्मी को 16 वर्ष के समर्पित सेवाकाल के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके निरंतर योगदान और विद्यालय के विकास में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट शिक्षण कार्य एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाली श्रीमती नीतू, श्रीमती बबीता डागर, एवं श्रीमती आशा को 7 वर्ष का सेवाकाल पूरा करने एवं श्रीमती ममता को 15 वर्ष का सेवाकाल पूरा करने पर सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के सम्मान से नवाजा गया। सम्मान प्राप्त करने वाले सभी शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं समर्पण के लिए बधाई दी गई। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ इन खेलों में भाग लिया और एक-दूसरे के साथ आनंद के पल साझा किए। खेलों और मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक एवं यादगार बना दिया। सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री बिजेंद्र कादियान ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों की मेहनत, निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय की प्रगति में शिक्षकों द्वारा दिए जा रहे निरंतर योगदान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और उन्हें इसी लगन एवं उत्साह के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन खुशनुमा माहौल में हुआ। सभी शिक्षकों ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और इस विशेष दिन को उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया।

अध्यापक दिवस: विश्वकर्मा सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाटोदा में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया
झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: शनिवार को अध्यापक दिवस के उपलक्ष्य में विश्वकर्मा सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाटोदा में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रबंधक श्री बलवंत सिंह ने मां सरस्वती के सामने दीप प्रज्वलित करके की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में बच्चों ने सभी अध्यापकों की भूमिका निभाई। 11वी व 12वीं कक्षा के छात्र छात्राओं ने सभी अध्यापकों को गिफ्ट देकर अध्यापक दिवस की शुभकामनाएं दी और अध्यापकों को तिलक करके उनका सम्मान किया। प्रबंधक श्री बलवंत सिंह ने विद्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापकों को उचित पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अंत में स्कूल प्रबंधक श्री बलवंत सिंह ने अध्यापक की भूमिका निभाने वाले बच्चों में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। प्रबंधक श्री बलवंत सिंह ने बताया कि आज हम यहां राष्ट्रीय शिक्षक दिवस मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। यह देश के महान शिक्षाविद् और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के मौके पर मनाते हैं। इस दिन हम शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हैं। शिक्षक ही वे मार्गदर्शक होते हैं, जो हमें सही दिशा दिखाते हैं। हमारे ज्ञान को बढ़ाने का काम करते हैं। हमें जीवन के कठिन मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। उनकी मेहनत का फल हम अपने जीवन में पाते हैं। अंत में उन्होंने सभी स्टाफ सदस्यों को उपहार देकर और विद्यार्थियों को अध्यापक दिवस की शुभकामनाएं दी और बच्चों की उज्जवल भविष्य की कामना की।

संस्कारम पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस का भव्य आयोजन, चेयरमैन डॉ महिपाल रहे मुख्य अतिथि
झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: खातीवास स्थित संस्कारम पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस का पर्व अत्यंत भव्य एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्कार शिक्षण संस्थान के चेयरमैन डॉ महिपाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर संपूर्ण विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिसमें विद्यार्थियों व अध्यापकों की भारी उपस्थिति देखने को मिली।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए भावपूर्ण कार्यक्रम’
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा गुरु वंदना से हुई, जिसने संपूर्ण सभागार को भक्तिमय बना दिया। विद्यार्थियों ने अपने प्रिय अध्यापकों के नाम हृदयस्पर्शी पत्र लिखकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया तथा रोल प्ले के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की इन भावभीनी प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी अध्यापकों की आंखें नम कर दीं।
अध्यापकों ने भी दिखाई अपनी प्रतिभा
इस विशेष अवसर पर अध्यापकों ने भी बढ़-चढ़कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने कविता पाठ, गीत-संगीत, चुटकुलों तथा मनोरंजक खेलों के माध्यम से माहौल को हास्य व उल्लास से भर दिया, जिससे विद्यार्थी व स्टाफ दोनों ही खूब आनंदित हुए।
बेस्ट टीचर सम्मान से नवाजे गए अध्यापक
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासन द्वारा विभिन्न कक्षा वर्गों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली अध्यापिकाओं को बेस्ट टीचर के सम्मान से सम्मानित किया गया, जिन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके समर्पण व मेहनत की सराहना की गई।
प्रबंधन ने बांटी मिठाई, दी शुभकामनाएं
विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अध्यापकों को जलपान व मिठाई वितरित की गई तथा उनके अथक परिश्रम व समर्पण के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
चेयरमैन डॉ महिपाल जी ने दी शुभकामनाएं
मुख्य अतिथि डॉ महिपाल जी ने सभी अध्यापकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज की नींव होते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि एक अच्छा शिक्षक ही विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा प्रदान कर उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाता है। उन्होंने सभी अध्यापकों के समर्पण व निष्ठा की भरपूर सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया। विद्यालय परिवार में इस अवसर पर उत्साह व स्नेह का वातावरण देखने को मिला, जो शिक्षक-शिष्य के पावन रिश्ते की मिसाल बना।

एल. ए. सी. सै. स्कूल में अध्यापक दिवस मनाया गया
झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: एल. ए. सी. सै. स्कूल में अध्यापक दिवस मनाया गया। प्रातः कालिन सभा में संस्था संचालक जगपाल गुलिया,जयदेव दहिया, अनिता गुलिया, नीलम दहिया ने देश के प्रथम उपराष्ट्रपति व दूसरे राष्ट्रपति राधाकृष्णन जी व मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। बच्चों ने अनेकों सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इसके बाद सभी छात्रों को अध्यापकों की जगह नियुक्तियां देकर उनकों अध्यापक बनने का गौरव प्रदान किया गया। स्कूल प्राचार्या निधि कादयान ने इस सत्र के बेहतरीन कार्य करने के लिए अध्यापकों को प्रशंसा पत्र प्रदान किए। इसके बाद संस्था के संस्थापक जयदेव दहिया के बड़े भाई कुलदीप दहिया जी की स्मृति सम्मान के लिए स्कूल एचऑडी रविंद्र लोहचब, हिंदी अध्यापिका सुदेश, प्रीति गुलिया, मनीषा को सम्मानित किया। कार्यक्रम के सम्मापन पर संस्था प्रबन्धक के. एम. डागर व स्कूल भूगोल प्राध्यापक मुकेश शर्मा ने सभी बच्चों व अध्यापकों को अध्यापक दिवस की शुभकामनाएं भेंट को। मंच संचालन का कार्य अध्यापिका कोमल व पूनम जाखड़ ने किया। इसके बाद स्कूल मैंजमेंट ने सभी अध्यापकों के लिए खान-पान की व्यवस्था की।

एच.डी. पब्लिक स्कूल बिरोहड़ में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया
झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: एच.डी. पब्लिक स्कूल बिरोहड़ में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी राजबाला फौगाट, निदेशक बलराज फौगाट और प्राचार्या नमिता दास ने सर्वपल्ली डॉ राधा कृष्णन के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित करके किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने भावपूर्ण गुरु वंदना प्रस्तुत की। गुरु के प्रति श्रद्धा और सम्मान से ओत-प्रोत इस प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता को रेखांकित करते हुए बताया कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान प्रदान नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कविताओं एवं भाषणों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं। मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कविताओं में गुरु की महिमा, त्याग, समर्पण और मार्गदर्शन को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया गया। भाषणों के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक बलराज फौगाट ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं। विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि संस्कारवान और संवेदनशील व्यक्तित्व का निर्माण करना है। विद्यालय की प्राचार्या नमिता दास ने भी सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन की सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें अपने शिक्षकों का सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। समारोह के अंत में विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य के पवित्र संबंध, सम्मान और संस्कारों का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत करते हुए सभी के मन पर अमिट छाप छोड़ी।

जेएस स्कूल भदानी में धूमधाम से मनाया शिक्षक दिवस
झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: गांव भदानी स्थित जेएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के जन्मदिन पर अनेक संस्कृति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था निदेशक जोगेंद्र देशवाल और स्टाफ सदस्यों ने राधा कृष्णन जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित और पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान विद्यालय टीचर्स ने सरस्वती वंदना, प्रार्थना, राष्ट्रीय गान, गीत, पोयम भजन, शपथ, स्लोगन आदि अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। 12वीं की छात्राओं द्वारा गुरु महिमा पर प्रस्तुत गीत ने सभी को भाव विभोर कर दिया।निदेशक महोदय ने सभी स्टाफ सदस्यों को सम्मानित कर उनके कार्य की सराहना की। विद्यालय प्राचार्या कृष्णा देवी को उनके 25 वर्ष से लगातार शिक्षा और अनुशासन के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान लिए सर्वश्रेष्ठ शिक्षक अवार्ड से नवाजा गया। निदेशक महोदय ने सभी टीचर्स को राधा कृष्णन के आदर्शों को अपनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सदा प्रयासरत रहने के लिए आवाह्न किया।

विधायक गीता भुक्कल ने पिछले 31 दिनों से चल रहे सफाई कर्मचारियों के धरने पर पहुँचकर उनकी मांगों का समर्थन किया
झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: शनिवार को श्रीमती गीता भुक्कल, विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री, हरियाणा ने पिछले 31 दिनों से चल रहे सफाई कर्मचारियों के धरने पर पहुँचकर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने सरकार से सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को शीघ्र पूरा करने का अनुरोध किया तथा कर्मचारियों के संघर्ष में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एचपीसीसी डेलीगेट श्री सुभाष गुज्जर, उपाध्यक्ष एसीपी श्री राजबीर सिंह हुड्डा, सेवा दल जिला अध्यक्ष श्री रमेश जाखड़, सेवा दल उपाध्यक्ष कैप्टन सतबीर बडक, सेवा दल मुख्य सलाहकार श्री राजबीर दहिया, सेवा दल महासचिव श्री रमेश फोगाट, ब्लॉक अध्यक्ष श्री नीटू भदानी सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।

विधायक गीता भुक्कल ने गाँव खानपुर कलां में जाहरवीर गोगा पीर एवं गुरु गोरखनाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त
झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: खानपुर कलां में शनिवार को गोगा नवमी के शुभ अवसर पर ’श्रीमती गीता भुक्कल विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री, हरियाणा ने गाँव ’खानपुर कलां’ में स्थित ’जाहरवीर गोगा पीर जी एवं गुरु गोरखनाथ जी’ के मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आयोजित कुश्ती दंगल में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए श्रीमती गीता भुक्कल जी ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया तथा उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति और ग्रामीण जीवन का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और भाईचारे की भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने सभी पहलवानों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर मंदिर कमेटी के प्रधान श्री अतर सिंह, समस्त कमेटी सदस्य, उपाध्यक्ष श्री राजबीर सिंह जाखड़, सचिव श्री सुन्दर लाल जांगड़ा, श्री रमेश शर्मा, पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य, सरपंच श्री सोबीर, ब्लॉक समिति सदस्य श्री दिलबाग सिंह (फौजी), श्री नरेश कुमार, बहु सरपंच प्रेम नंबरदार, खेड़ा थरू सरपंच सीता राम, सज्जन कौच, श्री राकेश गहलोत, मास्टर शिशपाल सहित अन्य सम्मानित साथी उपस्थित रहे।

गुरु के ज्ञान के प्रकाश बिना विधार्थी जीवन अधूरा
झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: गांव गुभाना के लोकहित पुस्तकालय में भारतीय संस्कृति के संवाहक प्रख्यात शिक्षाविद् पूर्व राष्ट्रपति राधाकृष्णन की जयंती मनाई गई। समिति अध्यक्ष नरेश कौशिक ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी। डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर 1888 को हुआ था वह एक प्रख्यात दार्शनिक विद्वान और महान शिक्षक थे जब वे 1962 में देश के राष्ट्रपति बने तब उनके कुछ छात्रों और दोस्तों ने उनका जन्मदिन मनाने की इच्छा बताई। इस पर उन्होंने कहा की मेरा जन्मदिन अलग से मनाने के बजाय यदि पांच सितंबर का दिन शिक्षकों के सम्मान में शिक्षित दिवस के रूप में मनाया जाए तो यह मेरे लिए ज्यादा सौभाग्य की बात होगीउन्होंने कहा कि शिक्षक हमारी अनमोल धरोहर है। शिक्षक अर्थात गुरू के बिना हमारा जीवन शून्य है। उनके ज्ञान के प्रकाश के बिना विधार्थी जीवन अधूरा है।गुभाना गांव में आयोजित जयंती कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में सूबेदार मेजर सुरेश कुमार पहलवान रामकुमार सतबीर कौशिक लविश कुमार साहिल कौशिक व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

शिक्षिका गायत्री देवी को शिक्षक दिवस पर सम्मानित किया गया
रोहतक, 05 सितम्बर, अभीतक: जिला रोहतक के गांव लाहली में लडकियों के स्कूल का अच्छे पढाई कराने पर शिक्षिका गायत्री देवी को शिक्षक दिवस पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रामकुमार जांगडा जहाजगढ, और संस्था के अध्यक्ष नरेन्द्र कटारिया व मुख्य अधापिका गायत्री देवी जांगडा व स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

झज्जर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करतीं डीसी वर्षा खांगवाल।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेवा संकल्प अभियान को जन अभियान बनाने के दिए निर्देश
सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में जुटेगा झज्जर: डीसी
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 14 मॉड्यूल के जरिए होंगी सेवा, जागरूकता व जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की

झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को जनसेवा एवं सुशासन की यात्रा के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश भर में चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ जन अभियान बनाने और सेवा गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। डीसी वर्षा खांगवाल ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को झज्जर जिला में अभियान के दृष्टिगत तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
आशीर्वाद का दीया, ‘सपनों का भारत’ सेवा मेरा योगदान विषयों पर आधारित होंगी विभिन्न गतिविधियां
वीसी उपरांत डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर झज्जर में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिला में एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 14 अलग-अलग मॉड्यूल के माध्यम से सेवा, जागरूकता, जनभागीदारी और विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं।
चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताओं से लेकर सेवा यात्राओं तक होंगे आयोजन
डीसी ने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सपनों का भारत’ सहित विकसित भारत 2047 थीम पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा, सेवा मेरा योगदान तथा सेवा सेतु अभियान जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सेवा भाव से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘रंगोली राष्ट्र’, राष्ट्रीय नवाचार चुनौती, जनसेवक महाकुंभ तथा विदेशों में महायज्ञ में सहभागिता जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को रचनात्मक एवं सेवा कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विद्यार्थियों, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मूल उद्देश्य आमजन को सेवा गतिविधियों से जोड़ना और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान में विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित प्रत्येक गतिविधि का समुचित फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण भी किया जाए, ताकि जिला झज्जर में किए जा रहे सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, एसडीएम बादली विशाल कुमार, सीटीएम ऋतु, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, डीडीपीओ निशा तंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

वर्षा खांगवाल, डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, झज्जर।

पात्र युवा फार्म 6 भरते हुए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराएं: डीसी
एसआईआर को लेकर अफवाहों पर न दें ध्यान, पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के तहत चल रही पुनरीक्षण प्रक्रिया
नाम नहीं है या किसी विवरण में त्रुटि है तो 30 सितंबर तक भरें फॉर्म-8
जन्म वर्ष के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ पात्रता का प्रमाण किया जा सकता है प्रस्तुत

झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि नाम सूची में दर्ज नहीं है अथवा नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित प्रपत्र भरकर जमा करवाएं।
पात्र मतदाताओं को चिंता करने की आवश्यकता नहीं
डीसी ने स्पष्ट किया कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित नियमों और पारदर्शी व्यवस्था के तहत संचालित की जा रही है। केवल पुराने मतदाता रिकॉर्ड अथवा संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने मात्र से किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जा सकता। पात्र मतदाता का नाम हटाने की कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया और उचित जांच के बाद ही की जा सकती है।
नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, संशोधन के लिए फॉर्म-8
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। दोनों प्रपत्र 30 सितंबर 2026 तक संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी या बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा करवाए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नाम दर्ज करवाने अथवा स्थानांतरण से संबंधित आवेदन के साथ घोषणा-पत्र भी देना होगा। इसमें पिछली विशेष गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची में स्वयं अथवा माता-पिता, दादा-दादी के विवरण की जानकारी उपलब्ध होने पर उसका उल्लेख किया जाना है।
जन्म वर्ष के आधार पर अलग-अलग हो सकती है दस्तावेजों की आवश्यकता
डीसी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों के पास पिछली मतदाता सूची का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है, वे अपने जन्म वर्ष के अनुसार निर्धारित दस्तावेजों के माध्यम से पात्रता का प्रमाण प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे व्यक्ति सांकेतिक सूची में शामिल किसी भी स्वीकार्य दस्तावेज से अपनी पात्रता प्रमाणित कर सकते हैं। 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे व्यक्ति को अपना तथा माता-पिता में से किसी एक का दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। इसी प्रकार 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे व्यक्ति को स्वयं, पिता और माता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। यदि माता-पिता भारतीय नागरिक नहीं हैं, तो जन्म के समय उनके वैध वीजा और पासपोर्ट की प्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।
पहचान, जन्म और निवास से जुड़े दस्तावेज हो सकते हैं मान्य
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने बताया कि पात्रता प्रमाण के लिए सांकेतिक सूची में सरकारी अथवा स्थानीय प्राधिकरण द्वारा जारी पहचान पत्र, पेंशन भुगतान आदेश, जन्म प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय द्वारा जारी मैट्रिक अथवा शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, वन अधिकार प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, परिवार रजिस्टर तथा सरकार द्वारा जारी भूमि या मकान आवंटन प्रमाण-पत्र सहित अन्य दस्तावेज शामिल हैं।
भ्रामक सूचनाओं से रहें दूर, 1950 पर लें सही जानकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने नागरिकों से अपील की कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। मतदाता सूची अथवा दस्तावेजों से संबंधित किसी भी समस्या या शंका की स्थिति में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी, निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी के कार्यालय से जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

शिक्षक दिवस पर 85 शिक्षकों को किया गया सम्मानित: सीजेएम विशाल’
झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: झज्जर में आज शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर व एम डी डी आफ इंडिया संस्था झज्जर की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर सचिव एवं सीजेएम विशाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान जिले के 85 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें वह शिक्षक शामिल हैं जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया है। सीजेएम विशाल ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है। शिक्षकों को देश निर्माण में बेहतर योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन की सहयोगी संस्था एमडीडी आफ इंडिया से जिला समन्वयक मनोज कुमार ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी और उन्हें । साथ ही उनसे बातचीत की गई कि शिक्षक बाल विवाह रोकथाम में अपनी भुमिका कैसे निभा सकते हैं इस पर गहनता से बातचीत की। कार्यक्रम में आगे सीजेएम विशाल में पर्यावरण सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में सम्मानित हुए सभी शिक्षकों को भी एक-एक पौधा वितरित किया गया। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ-साथ उनका पर्यावरण के प्रति जागरूक करने की भी अपील की। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉक्टर पवन देशवाल ने कार्यक्रम में पहुंचे शिक्षकों को सेहतमंद रहने के लिए जागरूक किया। उन्होंने पौष्टिक आहार लेने और नशे से दूर रहने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। आर्ट ऑफ लिविंग से राजबीर यादव ने शिक्षकों को मेडिटेशन के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मेडिटेशन करने से आत्मबल बढ़ता है। किसी भी विषय के प्रति एकाग्रता बनती है। और हर इंसान को टाइम निकाल कर के सुबह शाम मेडिटेशन करना चाहिए। इसके बाद लीगल एड डिफेंस काउंसिल दीपक गहलोत ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाई गई स्कीम शिक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। और बाल यौन शोषण, गुड टच बेड टच के बारे मे बताया । और कहा कि बाल यौन शोषण के मामले दबाने नहीं चाहिए बल्कि रिपोर्ट करनी चाहिए। कार्यक्रम मे अध्यापक कृष्ण वशिष्ठ ने अपने विचार रखें। और संजय शर्मा , अध्यापिका रीना, मीनाक्षी ने भी कविता के जरिए अध्यापक के जीवन शैली पर प्रकाश डाला।

झज्जर: विधायक एवं पूर्व मंत्री गीता भुक्कल का बड़ा बयान
झज्जर विधायक गीता भुक्कल का बड़ा बयान कहा ब्राह्मण समाज को लेकर नही कही कोई बात।
मेरी बात ब्राह्मण समाज के लिए नहीं, सिर्फ रामकुमार गौतम के लिए थी
बोलीं गीता भुक्कलरू “मेरी बात से ठेस पहुंची है तो मैं अपनी बात वापस लेती हूं, विधानसभा में ही कह चुकी हूं। ब्राह्मण समाज मेरे लिए बेहद सम्मानित है।
सवाल भी उठाया: क्या मेरी बात से नाराजगी इसलिए है कि मैं दलित विधायक हूं? महिला विधायक हूं? क्या पढ़-लिखकर अपने अधिकारों की आवाज नहीं उठा सकती?
झज्जर नगर पालिका के सफाई कर्मचारी के प्रदर्शन में पहुंची झज्जर विधायक गीता भुक्कल।
कर्मचारियों के मांगे सरकार का जल्द से जल्द पूरा करने करे काम। कर्मचारियों के साथ कांग्रेस पार्टी के साथ खड़ी है।
झज्जर विधायक गीता भुक्कल ने सफाई कर्मचारियों को दिया अपना समर्थन।

डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल, झज्जर में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस’
कक्षा 12वीं द्वारा विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन, शिक्षकों को दिया भावपूर्ण ट्रिब्यूट’

झज्जर, 05 सितम्बर, अभीतक: डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल, झज्जर में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं सम्मान की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने शिक्षकों को ट्रिब्यूट देते हुए विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया। विद्यार्थियों ने भावपूर्ण भाषण, कविता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। इसके पश्चात कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने एक अनूठी पहल करते हुए शिक्षकों की भूमिका निभाई और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की।
हेड बॉय हिमांशु को मिला एक दिन का प्रधानाचार्य बनने का अवसर’
इस अवसर की एक विशेष बात यह रही कि विद्यालय के हेड बॉय ’श्री हिमांशु’ को एक दिन के लिए प्रधानाचार्य बनने का अवसर प्रदान किया गया। हिमांशु ने पूरे दिन विद्यालय की जिम्मेदारियों को बखूबी संभाला और अपनी ड्यूटी को बहुत ही अच्छे से निभाया, जिसकी सभी ने सराहना की।
विद्यालय के 2 शिक्षकों को सी.जे.एम. द्वारा सम्मान’
विद्यालय के लिए गर्व की बात यह भी रही कि विद्यालय के 2 शिक्षकों ’श्री दीपक एवं सुश्री मनिता’ को जिला स्तर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री विशाल द्वारा उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर पूरे विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री पंकज वालिया ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि “शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य का निर्माण करते हैं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री पंकज वालिया ने डी.ए.वी. संस्था के प्रेसिडेंट डॉ. पूनम सूरी, डायरेक्टर डॉ. पवन शर्मा, चेयरपर्सन आई.पी.एस. श्री सिमरदीप सिंह, वाइस चेयरपर्सन सुश्री शशि चांदला, ए.आर.ओ. सुश्री सुनीता बहल एवं प्रबंधक डॉ. इंदु शर्मा को उनके निरंतर सहयोग के लिए हृदय से धन्यवाद दिया तथा सभी को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व
श्री गणेश जी, बांके बिहारी, कृष्ण जन्म व बाबा अमरनाथ की झांकियों बनी आकर्षण का केंद्र

फरीदाबाद, 05 सितम्बर, अभीतक: सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर मार्किट नंबर एक में हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान जहां मंदिर को भव्य स्वरुप में सजाया गया वहीं लाइटिंग और अन्य सजावटों ने मंदिर की शोभा को चार चांद लगा दिए। मंदिर में विभिन्न प्रकार की सुंदर और मनमोहक झांकियां तैयार की गई, जिन्हें देखते ही साक्षात भगवान से दर्शन होने जैसा प्रतीत हो रहा था। श्रीकृष्ण जन्माष्मी उत्सव पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा ने मुख्यातिथि के रुप में शिरकत की और झांकियों का अवलोकन किया और प्रधान डॉ राजेश भाटिया सहित मंदिर कमेटी के सदस्यों की जमकर प्रशंसा की। इस दौरान मंदिर के प्रधान डॉ राजेश भाटिया व अन्य मंदिर कमेटी के सदस्यों ने उनका फूलों का बुक्के भेंट कर स्वागत किया। डॉ राजेश भाटिया ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व आज फरीदाबाद सहित देशभर में धूमधाम से मनाया गया सभी मंदिरों में सुंदरता की छठा बिखर रही है। प्रधान डॉ राजेश भाटिया ने कहा कि भगवान श्रीविष्णु हरि, श्री कृष्ण अवतार के रूप में इस धरा पर पूर्ण अवतार रूप में अवतरित हुए। भगवान श्रीकृष्ण का अवतार केवल कंस जैसे असुरों के संहार के लिए ही नहीं हुआ, असुरों का संहार तो भगवान के संकल्प मात्र से ही हो सकता है। लेकिन भगवान के अवतार का मुख्य प्रयोजन-परित्राणाय साधूनां, अर्थात् अपने अनन्य भक्तों की रक्षा करना, उन्हें अपनी दिव्य लीलाओं का रस प्रदान करना और संसार के सम्मुख शरणागति का सबसे सुगम मार्ग प्रस्तुत करना रहा। उन्होंने बताया कि मंदिर में इस बार भगवान श्रीगणेश जी, श्री लडडू गोपाल जी, श्री खाटू श्याम जी, श्री बांके बिहारी जी, निधिवन, कारगर में भगवान विष्णु, वासुदेव श्रीकृष्ण को लाते हुए कालका जी दिल्ली वाली, अमरनाथ बाबा की झांकियां विशेष कलाकारों द्वारा तैयार की गई। इस दौरान मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे और मनमोहन झांकियों को देखकर भाव विभोर हो गए। प्रधान डॉ राजेश भाटिया ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मष्टामी महोत्सव भक्तो की आस्था, उमंग और श्रद्धा से सराबोर रहा। यहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतार भगवान के दर्शन के लिए लगनी शुरु हो गई। मंदिर परिसर में मनमोहक सुंदर झांकिया, मंत्रमुग्ध कर देने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात में भगवान के जन्म होने तक जारी रहे। मंदिर में भी भक्तो के लिए विशेष प्रसाद की व्यस्था की गई। उन्होंने बताया कि देर रात श्रीकृष्ण जन्म के समय भगवान का अभिषेक किया गया। मंदिर में बज रहे जन्में हैं कृष्ण कन्हाई गोकुल में देखो बाजे बधाई जैसे भजनों पर श्रद्धालुगण देर रात में झूमते रहे।

रेवाड़ी मैराथन: 91 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने करवाया पंजीकरण
हरियाणा आउटरीच कार्यक्रम के विशेष अधिकारी पंकज नैन ने आयोजन स्थल का लिया जायजा

रेवाड़ी, 05 सितम्बर, अभीतक: रेवाड़ी मैराथन के लिए 91 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है। जिनमें 52745 पुरुष और 39093 महिला प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। वहीं शनिवार सायं के समय हरियाणा आउटरीच कार्यक्रम के विशेष अधिकारी पंकज नैन ने डीसी अभिषेक मीणा और एसपी हेमेंद्र मीणा के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। हरियाणा आउटरीच कार्यक्रम के विशेष अधिकारी पंकज नैन ने आयोजन स्थल और मैराथन रूट का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाएं, एंबुलेंस, पेयजल तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। पंकज नैन ने कहा कि मैराथन में अधिक से अधिक संख्या में नागरिक शामिल होकर नशा मुक्त हरियाणा, खेल युक्त हरियाणा के संकल्प को मजबूत बनाएं।

शहर में ‘रेवाड़ी हॉफ मैराथन’ का आयोजन आज, नशे से जंग रेवाड़ी के संग के लिए दौड़ेंगे प्रतिभागी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रेवाड़ी हॉफ मैराथन को राव तुलाराम स्टेडियम के दिल्ली रोड़ एंट्री गेट से दिखाएंगे हरी झंडी
नशा मुक्त हरियाणा-सशक्त हरियाणा थीम के साथ होगा मैराथन का आयोजन
सांस्कृतिक मंच से प्रतिभागियों में जोश व उत्साह का संचार करेंगे हरियाणवी कलाकार

रेवाड़ी, 05 सितम्बर, अभीतक: पीतल नगरी रेवाड़ी में हाफ मैराथन का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसमें नशा मुक्त हरियाणा-सशक्त हरियाणा थीम के साथ नशे के विरूद्ध प्रतिभागी दौड़ेंगे। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से हरियाणा उदय आऊटरीच कार्यक्रम के तहत रेवाड़ी शहर में आयोजित होने वाली रेवाड़ी हॉफ मैराथन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। रविवार, 6 सितंबर को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रेवाड़ी हॉफ मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे तथा स्वयं भी प्रतिभागियों संग हॉफ मैराथन में भागीदारी करेंगे। डीसी ने बताया कि रेवाड़ी हॉफ मैराथन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं व आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से हॉफ मैराथन रूट की मरम्मत, मेन स्टेज प्रबंधन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पोस्टर-बैनर, पार्किंग व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों व प्रबंधों को अंतिम रूप दिया जा चुका है ताकि रेवाड़ी मैराथन का भव्य ढंग से आयोजन किया जा सके। उन्होंने बताया कि रेवाड़ी हॉफ मैराथन के तहत विजेताओं के सम्मान में राव तुलाराम स्टेडियम परिसर में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन कर विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
रेवाड़ी हॉफ मैराथन में शामिल की गई हैं दौड़ की दो श्रेणियां
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि रेवाड़ी हॉफ मैराथन को दो श्रेणियों में बांटा गया है, जिसमें पहली श्रेणी में 10 किलोमीटर रन व दूसरी श्रेणी 5 किलोमीटर की रन फॉर फन होगी। उन्होंने बताया कि प्रथम श्रेणी में 10 किलोमीटर रन में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा, 10 किलोमीटर रन में प्रथम, द्वितीय व तृतीय विजेताओं को क्रमशः एक लाख, 51 हजार व 21 हजार रूपए से पुरस्कृत किया जाएगा। हॉफ मैराथन कार्यक्रम के दौरान राव तुलाराम स्टेडियम परिसर में सांस्कृतिक मंच सजेगा जिस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा जिसमें प्रदेश के लोक कलाकार विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम के उद्देश्यों से भी अवगत कराते हुए हरियाणवी कला एवं संस्कृति का जलवा बिखेरेंगे और प्रतिभागियों में जोश व उत्साह का संचार करेंगे। कार्यक्रम में रैप स्टार सत्येन लांबा, नवीन पुनिया सहित अन्य लोक कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
रेवाड़ी हॉफ मैराथन का रूट प्लान
रविवार, 06 सितंबर की सुबह रेवाड़ी हॉफ मैराथन का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिल्ली रोड़ राव तुलाराम स्टेडियम के एंट्री गेट से करेंगे। हॉफ मैराथन राव तुलाराम स्टेडियम से शुरू होकर अभय सिंह चैक, राजेश पायलेट चैक होते हुए गढ़ी बोलनी रोड, जीएलएस स्कूल यू-टर्न होते हुए वापिस राव तुलाराम स्टेडियम परिसर में पहुंचेगी।
प्रतिभागियों को एक्सपो में किया जा रहा किट का वितरण
डीसी अभिषेक मीणा, एसपी हेमेंद्र मीणा व एडीसी राहुल मोदी ने रेवाड़ी हॉफ मैराथन को लेकर शनिवार को प्रतिभागियों को एक्सपो में किट का वितरण किया गया। रेवाड़ी हॉफ मैराथन में भागीदारी कर रहे प्रतिभागी धावक राव तुलाराम स्टेडियम रेवाड़ी से अपनी-अपनी हॉफ मैराथन से संबंधित किट प्राप्त कर सकते हैं ताकि उन्हें रविवार 6 सितंबर को आयोजित होने वाली हॉफ मैराथन में सक्रिय भागीदारी मिले।

लघु सचिवालय रेवाड़ी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की वीसी से जुड़े डीसी अभिषेक मीणा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेवा संकल्प अभियान को जन अभियान बनाने के दिए निर्देश
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, सेवा, जागरूकता व जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां होंगी आयोजित
डीसी अभिषेक मीणा ने अभियान को लेकर दिए दिशा निर्देश

रेवाड़ी, 05 सितम्बर, अभीतक: हरियाणा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को जनसेवा एवं सुशासन की यात्रा के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ जन अभियान बनाने और सेवा गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। डीसी अभिषेक मीणा ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को जिला में अभियान के दृष्टिगत तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। वीसी उपरांत डीसी अभिषेक मीणा ने अभियान के सफल आयोजन को लेकर दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला में एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 14 अलग-अलग मॉड्यूल के माध्यम से सेवा, जागरूकता, जनभागीदारी और विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं। डीसी ने बताया कि अभियान के दौरान आशीर्वाद का दीया, ‘सपनों का भारत’ सहित विकसित भारत 2047 थीम पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा, सेवा मेरा योगदान तथा सेवा सेतु अभियान जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सेवा भाव से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय नवाचार चुनौती, जनसेवक महाकुंभ तथा विदेशों में महायज्ञ में सहभागिता जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को रचनात्मक एवं सेवा कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। डीसी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मूल उद्देश्य आमजन को सेवा गतिविधियों से जोड़ना और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान में विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित प्रत्येक गतिविधि का समुचित फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण भी किया जाए, ताकि जिला में किए जा रहे सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा सके।

बाल भवन में मेगा जॉब फेयर का आयोजन 7 सितंबर को
रेवाड़ी, 05 सितम्बर, अभीतक: राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान एवं जिला रोजगार कार्यालय, रेवाड़ी द्वारा 07 सितंबर 2026 को दोपहर 1रू00 बजे बाल भवन में एक मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा। इस जॉब फेयर में हीरो, टेक्निको, निप्पोन, जीएलएस, मोल्ड-टेक सहित रेवाड़ी के 20 से अधिक नियोक्ता भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि रहेंगे। मुख्य अतिथि द्वारा 500 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी दिनेश तंवर ने जिला के युवाओं से अनुरोध है कि इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं एवं इस आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

शिक्षक दिवस पर विशेष रू शिक्षा को उत्सव बनाने वाले शिक्षक – सतानंद पाठक
पन्ना जिले के पवई विकासखंड एक के गांव नारायणपुरा की सरकारी स्कूल की कहानी आज पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन गई है और इसके पीछे है एक शिक्षक का जुनून – सतानंद पाठक

पवई, 05 सितम्बर, अभीतक: विकासखंड की शासकीय माध्यमिक शाला नारायणपुरा में पदस्थ सतानंद पाठक सिर्फ एक शिक्षक नहीं, एक सपने देखने वाले और उसे पूरा करने वाले कर्मयोगी हैं। उनका मानना है कि सरकारी स्कूल की दीवारें भी प्राइवेट स्कूलों से ज्यादा सुंदर और प्रेरणादायक होनी चाहिए, ताकि बच्चा स्कूल आने में गर्व महसूस करे।
पुरस्कार राशि से बदली स्कूल की तस्वीर
2019 में शिक्षक दिवस पर उनके नवाचारों के लिए उन्हें मध्यप्रदेश के राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया। पुरस्कार में मिली 21,000 रुपये की राशि को उन्होंने खुद पर खर्च नहीं किया। अपनी जेब से अतिरिक्त राशि मिलाकर उन्होंने चित्रकार राजेश विश्वकर्मा के सहयोग से स्कूल की हर दीवार को ज्ञानवर्धक और रंग-बिरंगी पेंटिंग से सजा दिया। आज स्कूल की दीवारें बोलती हैं – कहीं अक्षर ज्ञान है, कहीं गणित के सूत्र, कहीं महापुरुषों के विचार। इतना ही नहीं, उसी राशि से उन्होंने स्कूल के सभी बच्चों को स्वेटर और जूते वितरित किए और स्कूल परिसर में पेड़ लगाकर एक आकर्षक बगीचा तैयार किया।
कोरोना काल के हीरो – बाइक वाली लाइब्रेरी’
जब कोरोना महामारी में स्कूल बंद हो गए और बच्चे घरों में कैद हो गए, तब सतानंद जी ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल पर किताबों का झोला टांगा और घर-घर जाकर बच्चों को किताबें पहुँचाने लगे। उनकी यह ’मोटरसाइकिल लाइब्रेरी पूरे मध्यप्रदेश में चर्चा का विषय बनी।
संस्कार और नवाचार का संगम’
उनके स्कूल में कई अनूठी परम्पराएं हैं जो किताबों में नहीं मिलतीं

  1. ’जन्मदिन पर पौधारोपण :’ बच्चों का जन्मदिन केक काटकर नहीं, बल्कि पौधा लगाकर मनाया जाता है।
  2. ’ईमानदारी की दुकान :’ स्कूल में एक दुकान है जहाँ कोई दुकानदार नहीं होता। बच्चे सामान लेते हैं और पैसे गुल्लक में डाल देते हैं। इससे उनमें ईमानदारी का संस्कार आता है।
  3. ’पक्षियों के लिए दाना-पानीरू’ स्कूल में पक्षियों के लिए नियमित दाना-पानी रखा जाता है।
  4. ’खेल-खेल में शिक्षा: रटने की जगह गतिविधि आधारित शिक्षण।
  5. ’महापुरुषों की जयंती: हर महापुरुष की जयंती और पुण्यतिथि पर बच्चों को उनके विचार बताए जाते हैं।
    सतानंद पाठक कहते हैं, मेरा सपना था कि मेरा स्कूल भी सुंदर और प्रेरणादायी लगे, जिससे बच्चे खुश हों और गांव वालों को अपने सरकारी स्कूल पर गर्व हो। यही मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है। सच ही है, एक शिक्षक अगर ठान ले तो वह सिर्फ एक स्कूल नहीं, पूरे गांव का भविष्य बदल सकता है। शिक्षक दिवस पर ऐसे प्रेरणादायी शिक्षक को शत-शत नमन।

नारनौल में दूध-घी होंगे महंगे, पंचायत ने तय किए रेट : भैंस का दूध ₹80 लीटर, देसी घी ₹1500 किलोय उल्लंघन पर ₹11 हजार जुर्माना

आदर्श महिला महाविद्यालय में जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
शिक्षक अपने ज्ञान से विद्यार्थियों को बनाते है जिम्मेदार नागरिक: शिवरत्न गुप्ता
धार्मिक एवं शैक्षणिक मूल्यों का समन्वय सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक: अशोक बुवानीवाला

भिवानी, 05 सितम्बर, अभीतक: जिस प्रकार सोने को तपाकर उसे आभूषण का रूप दिया जाता है, उसी प्रकार शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव, त्याग और समर्पण से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारकर उन्हें देश का जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। ये उद्गार आज आदर्श महिला महाविद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह के दौरान वैश्य महाविद्यालय ट्रस्ट के प्रधान अधिवक्ता शिवरत्न गुप्ता ने कहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत हवन-यज्ञ के साथ हुआ, जिसमें महाविद्यालय प्रबंधन, प्राचार्या, प्राध्यापिकाओं एवं छात्राओं ने आहुति डालकर सुख-शांति, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। हवन पश्चात अपना संबोधन देते हुए शिवरत्न गुप्ता ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और जीवन की सही दिशा प्रदान करते हैं। वास्तव में राष्ट्र का भविष्य कक्षाओं में तैयार होता है और उस भविष्य को आकार देने वाला सबसे महत्वपूर्ण शिल्पकार शिक्षक ही होता है। महाविद्यालय प्रबंध समिति के महासचिव अशोक बुवानीवाला ने अपने संबोधन में कहा कि धार्मिक एवं शैक्षणिक मूल्यों का समन्वय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है। गुरु अपने ज्ञान और अनुभव से विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके संस्कार, ज्ञान तथा सोच को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व हमें प्रेम, सद्भाव, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अलका मित्तल ने कहा कि जन्माष्टमी हमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से कर्म, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, क्योंकि उन्होंने जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी सकारात्मक सोच के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करने की सीख दी। उन्होंने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता, बल्कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करता है। इस अवसर पर सुंदरलाल अग्रवाल, पवन केडिया, सुरेश दुरालिया, कमलेश चैधरी, जगत नारायण भारद्वाज, हरिश हालवासिया अधिवक्ता नीरज अग्रवाल, नरेश तंवर, राधेध्याम बुवानीवाला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय की दो प्राध्यापिकाओं डॉ. नूतन शर्मा एवं डॉ. सुचेता सोनी को उनके उत्कृष्ट शिक्षण एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्रति उनकी निरंतर सेवाओं एवं समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।

डॉ वंदना अस्पताल परिसर आयोजित हुआ में शिक्षक सम्मान समारोह
भिवानी, 05 सितम्बर, अभीतक: हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिक्षक दिवस पर डॉ वंदना अस्पताल परिसर में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर डॉ करन पूनिया ने कहा कि भारत के पूर्व राष्ट्रपति आदर्श शिक्षक सर्वपल्ली डॉ राधा कृष्णन के जन्म दिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाना हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। शिक्षकों का सम्मान हमारी संस्कृति है। डॉ वंदना पूनिया ने शिक्षक सम्मान को अपना कर्तव्य मानते हुए कहा कि शिक्षा से ही मनुष्य महान बनता है। इसीलिए शिक्षा देने वाले हमारे शिक्षक वंदनीय हैं। समारोह में डॉ रमाकांत शर्मा, डॉ हरिकेश पंघाल, कविता तंवर, पूनम गर्ग,प्रवीण शर्मा , मनोज शर्मा, पद्मा शर्मा, विशाखा, मुस्कान गिरधर, विजय शर्मा इत्यादि को सम्मानित किया गया।

वैश्य महाविद्यालय भिवानी के इतिहास विभाग के छात्र नसीब ने किया नेट क्वालीफाई’
वैश्य महाविद्यालय परिवार ने किया सम्मानित, प्राचार्य व विभागाध्यक्ष ने दी बधाई’

भिवानी, 05 सितम्बर, अभीतक: वैश्य महाविद्यालय भिवानी के विद्यार्थी महाविद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य डॉ. संजय गोयल की अगुवाई एवं समस्त स्टाफ सदस्यों के कुशल मार्गदर्शन में शिक्षा, खेल एवं अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। इसी कड़ी में महाविद्यालय के इतिहास विभाग के छात्र नसीब ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा जून 2026 उत्तीर्ण कर महाविद्यालय, अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का नाम रोशन किया है। अपनी इस उपलब्धि पर छात्र नसीब ने प्राचार्य डॉ. संजय गोयल एवं इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र दलाल एवं अन्य शिक्षाविदों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. संजय गोयल, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र दलाल, डॉ. राजेंद्र सिंह, कार्यालय अधीक्षक कमल भारद्वाज एवं उपाधीक्षक अभिषेक कौशिक ने छात्र नसीब को सम्मानित करते हुए उसकी सफलता पर हार्दिक बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता उसके कठिन परिश्रम, लगन और निरंतर प्रयास का परिणाम होती है। नसीब ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का गौरव बढ़ाया है, बल्कि महाविद्यालय का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अनुसंधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नसीब को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत करते हुए उच्च उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र दलाल ने कहा कि नसीब शुरू से ही मेहनती, अनुशासित एवं अध्ययन के प्रति गंभीर विद्यार्थी रहा है। उसकी सफलता विभाग के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि नेट परीक्षा उत्तीर्ण करना उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने नसीब को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत एवं लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। अपनी सफलता पर छात्र नसीब ने महाविद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य डॉ. संजय गोयल, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र दलाल सहित विभाग के सभी फैकल्टी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय में उन्हें समय-समय पर शिक्षकों का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों के आशीर्वाद, मार्गदर्शन और स्वयं की मेहनत को दिया। महाविद्यालय परिवार ने छात्र नसीब को उसकी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *