







तिरंगे की शान में झज्जर में उमड़ा जनसैलाब, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर
डीसी वर्षा खांगवाल की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों नागरिकों ने लहराया राष्ट्रीय ध्वज
नारी सशक्तिकरण के संदेश के साथ हर घर तिरंगा अभियान की अगुवाई की महिला अधिकारियों ने
झज्जर, 14 अगस्त, अभीतक: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत झज्जर शहर में शुक्रवार की सुबह तिरंगा यात्रा निकली। तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति और एकता के रंग में रंग दिया। देश प्रेम के साथ ही नारी सशक्तिकरण के संदेश के साथ हर घर तिरंगा अभियान की अगुवाई जिला की महिला अधिकारियों ने की। डीसी वर्षा खांगवाल व डीसीपी धारणा यादव के नेतृत्व में जिला सैनिक बोर्ड स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों के जोश, देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों से शहर का वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक: डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि तिरंगा केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के साथ करोड़ों भारतीयों की भावनाएं और देश के वीर सपूतों के बलिदान की गौरव गाथा जुड़ी हुई है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता तथा जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करें।
शहीदों को नमन कर शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा की शुरुआत शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इसके बाद यात्रा पुराने तहसील रोड, बीकानेर चैक ,अम्बेडकर चैक,पुराना बस स्टैंड, शहीद लेफ्टिनेंट रविंद्र छिकारा चैक होती हुई महर्षि दयानंद स्टेडियम परिसर में सम्पन्न हुई। देश के नाम सन्देश थीम के साथ सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की जागरूकता वैन में जहां देशभक्ति गीत गुंजायमान हुए वहीं तिरंगा यात्रामें सहभागी बने लोगों ने देश प्रेम के नारों से यात्रा को शोभायमान किया। देशभक्ति गीतों की धुन पर युवा उत्साह से झूमते नजर आए, जबकि महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का उत्साह बढ़ाते रहे। पूरे मार्ग पर तिरंगे की छटा और देशभक्ति का जोश देखते ही बन रहा था।
हर वर्ग ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा में युवाओं, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, पार्षदों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। हर हाथ में तिरंगा और हर चेहरे पर देश के प्रति गर्व का भाव दिखाई दिया। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से शहर गूंजता रहा।
यह रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा में नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी, एडीसी जगनिवास, सीटीएम ऋतु, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, डीईओ रतेंद्र सिंह, डीएसओ सतेंद्र सिंह, डीडीपीओ निशा तंवर व पीओ नेहा दहिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
एचएल सिटी रिवेन्यू 37 में तीज राखी मेला शुरू
बहादुरगढ़, 14 अगस्त, अभीतक: महिलाओं के द्वारा उत्पादित वस्तुएं शिल्प कला ,राखी ,घर पर सजावट की वस्तुओं को लेकर महिलाओं ने राखी मेला एच. ए ल. सिटी में 14 15 16 तक लगा हुआ है l उसके बाद 23 अगस्त तक आजादी उत्सव मनाया जा रहा है जहां झारखंड बिहार बहादुरगढ़ दिल्ली में आसपास के क्षेत्र से महिलाएं अपने द्वारा हस्त निर्मित शिल्प कला व्यवस्था में लेकर आई है l उसके साथ-साथ हाथ से बनी हुई साड़ी सूट चटाई बैंगल्स इयररिंग्स तीज के त्योहार पर सजावट महिलाओं के श्रृंगार के लिए मेहंदी में अन्य कल महिलाओं के द्वारा प्रदर्शित की जा रही है l बनारसी साड़ी , जूती बैंगल्स इयररिंग्स, वह हाथ से बनी हुई शिल्प कलाओं की 30 से 35 स्टॉल लगी हुई है l


स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंडो अमेरिकन स्कूल में देशभक्ति की भावना से सराबोर कार्यक्रम
झज्जर, 14 अगस्त, अभीतक: इंडो अमेरिकन स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। तिरंगे के रंगों से सजे विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने अपनी शानदार एवं मनमोहक देशभक्ति प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और समर्पण की भावपूर्ण अभिव्यक्ति की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं भारतीय सेना के वीर जवानों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रसेवा को श्रद्धापूर्वक नमन किया। बच्चों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय स्टाफ ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह का विशेष आकर्षण भारतीय सेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों का सम्मान रहा। देश की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व सैन्य अधिकारियों श्री राजकिशन हरित, श्री सत्यवीर सिंह, श्री बलवान सिंह, श्री दयानंद एवं श्री रणवीर सिंह को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। उनके अनुशासन, साहस, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए विद्यार्थियों के समक्ष उनके प्रेरणादायक जीवन का उल्लेख किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय सशस्त्र सेनाओं के जवानों द्वारा देश की सुरक्षा हेतु किए जाने वाले त्याग और सेवा से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी तुषार गोदारा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। तुषार गोदारा ने एमडीयू रोहतक में आयोजित नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक (ळवसक डमकंस) जीतकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। तुषार की सफलता ने अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, जिम्मेदारियों एवं राष्ट्रनिर्माण में अपनी भूमिका को समझने का भी महत्वपूर्ण दिवस है। विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता एवं सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति, गर्व एवं उत्साह के वातावरण में हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी सम्मानित पूर्व सैनिक अधिकारियों एवं स्वर्ण पदक विजेता तुषार गोदारा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान एवं उपलब्धियों की सराहना की। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों के मन में देशभक्ति, अनुशासन, साहस एवं राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।












स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्श हमारी अमूल्य धरोहर है: बलराज फौगाट
झज्जर, 14 अगस्त, अभीतक: एचडी पब्लिक स्कूल, बिरोहड़ में हरियाली तीज एवं स्वतंत्रता दिवस की पूर्वसंध्या पर देशभक्ति, संस्कृति और सामाजिक चेतना से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक बलराज फौगाट, प्राचार्या नमिता दास द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और राष्ट्रप्रेम की भावना को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। देशभक्ति गीतों ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया, वहीं हरियाणवी रागनी ‘भगत सिंह कदे जी घबरा ज्या बंद मकान म्हैं’ ने राष्ट्र प्रेम और सामण के गीतों ने तीज की लोक-सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत झुलण चालौ बागा मैं, आयो-आयो तीज त्योहार, मेरी शान तिरंगा, राजस्थानी एवं पंजाबी नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। फौजी नृत्य गीत में सैनिकों के साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रभावशाली चित्रण किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत हिंदी नाटक ‘भगत सिंह की आत्मा’ रहा। नाटक में देशभक्ति के साथ हास्य और भावनात्मक प्रसंगों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की कविताओं और भाषणों ने देशप्रेम की भावना जागृत की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने देश सेवा, नशामुक्ति तथा ईमानदारी और निष्ठा से अपने कर्तव्य का पालन करने की शपथ ली। निदेशक बलराज फौगाट ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और निभाने की जिम्मेदारी भी है। युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। सभी प्रतिभागियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय लोक परंपराएँ और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्श हमारी अमूल्य धरोहर हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति रमेश गुलिया, बलजीत नेहरा, सुरेन्द्र फौगाट, प्राचार्या नमिता दास, उप प्राचार्य नवीन सनवाल ने सभी को हरियाली तीज व स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




एल. ए. स्कूल झज्जर में हरियाली तीज का पावन पर्व मनाया गया
झज्जर, 14 अगस्त, अभीतक: एल. ए. सी. सै. स्कूल झज्जर में हरियाली तीज का पावन पर्व मनाया गया। कक्षा नर्सरी से आठवीं कक्षा के बच्चों ने मिलकर ये त्यौहार मनाया। प्रातःकालीन सभा में स्कूल प्राचार्या निधि कादयान ने इस त्यौहार के बारे में विस्तार से बताया। स्कूल मैनेजर के. एम. डागर ने बच्चों को तीज पर्व की शुभकामनाएं प्रदान की। स्कूल संचालक जगपाल गुलिया,जयदेव दहिया, अनिता गुलिया, नीलम दहिया, योजित गुलिया, भविष्य दहिया ने सभी शैक्षणिक वर्ग के साथ मिलकर हरियाली तीज पर झूला झूल के इस त्यौहार की सार्थकता सिद्ध की। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में म्यूजिक टीचर जितेंद्र,आर्ट टीचर रितिका ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। अवसर पर स्कूल एचओडी रविंद्र लोहचब, पूजा कादयान व भूगोल प्राध्यापक मुकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।




हर घर तिरंगा अभियान के तहत MET city में भव्य तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन
झज्जर, 14 अगस्त, अभीतक: हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रिलायंस मॉडल इकोनॉमिक टाउनशिप (MET city) द्वारा आज भव्य तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य अतिथि डीसीपी धारणा यादव झज्जर ने MET city सेक्टर 5 एवं 7 के गेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं भी रैली में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। रैली से पूर्व मुख्य अतिथि सुश्री धारणा यादव ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए हर घर तिरंगा अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर लगभग 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया। लगभग 35 किलोमीटर लंबी तिरंगा साइकिल रैली MET city क्षेत्र के आसपास के 11 गांवों, जिसमें याकूबपुर, सोंधी, निमाना, पेलपा, बाईपास-बादली, लाडपुर, बामनौला, कुकडोला, मुनीमपुर, कलोई और दादरीतोए से होकर गुजरी। रैली के दौरान विभिन्न गांवों के सरपंचों और ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया तथा प्रतिभागियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। रैली के प्रत्येक पड़ाव पर ग्राम पंचायतों एवं ग्रामीणों द्वारा प्रतिभागियों का माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने प्रतिभागियों के लिए नाश्ता, पानी एवं एनर्जी ड्रिंक की व्यवस्था भी की। ग्रामीणों की इस आत्मीय सहभागिता ने रैली के उत्साह को और बढ़ाया तथा पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा। रैली में स्कूल के विद्यार्थियों, रिलायंस MET city के कर्मचारियों तथा MET city सेक्टर-8 के निवासियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेष रूप से बालिकाओं और छोटी बच्चियों ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ रैली में सहभागिता की तथा लगभग 35 किलोमीटर की पूरी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की। हाथों में तिरंगा लेकर साइकिल सवार प्रतिभागियों ने राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस अवसर पर रिलायंस MET city की ओर से कर्नल रोमेल राजैन (Head – CSR), सोमवीर शुक्ला, मनीष राघव, लोकेश कपसे, प्रवीण लांबा, हनी मलिक, राजकुमार, संजय गुलाटी, अक्षय धनखड़, चंचल, दीक्षित, अशोक, प्रेम शेखावत सहित रिलायंस टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। रिलायंस MET city के प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों की सामूहिक भागीदारी ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-अभियान का स्वरूप प्रदान किया। लगभग 35 किलोमीटर की यात्रा पूरी करते हुए तिरंगा साइकिल रैली का सफलतापूर्वक समापन हुआ। ग्रामीणों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत, सहयोग और सहभागिता ने इस आयोजन को विशेष और यादगार बना दिया।



नर्सरी से कक्षा 5 के बच्चों ने उत्साह से मनाया स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज’
झज्जर, 14 अगस्त, अभीतक: डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल, झज्जर में नर्सरी से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज का पर्व बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद नन्हे बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, कविता पाठ, नृत्य एवं लघु नाटिका स्किट शामिल थे। बच्चों ने अपनी कविताओं एवं प्रदर्शनों के माध्यम से देश के प्रति सम्मान एवं गर्व की भावना व्यक्त की। स्वतंत्रता दिवस के बाद तीज पर्व की धूम रही। नन्हे विद्यार्थी पारंपरिक हरियाणवी एवं राजस्थानी वेशभूषा में सजे हुए थे। पूरा विद्यालय परिसर तिरंगे और तीज के हरे-पीले रंगों से सजा हुआ था। हर प्रस्तुति के साथ पूरा माहौल देशभक्ति और उत्सव से भर गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री पंकज वालिया ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में देशभक्ति, एकता, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ हर्षोल्लास पूर्वक हुआ।

स्पेशल स्टाफ झज्जर ने अवैध हथियार व दो जिंदा कारतूस सहित आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस मुख्यालय दीप्ति गर्ग के दिशा-निर्देशन में स्पेशल स्टाफ की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ पहले भी 4 आपराधिक मामले दर्ज’
झज्जर, 14 अगस्त, अभीतक: ऑपरेशन ट्रेक डाउन के तहत पुलिस मुख्यालय झज्जर दीप्ति गर्ग के दिशा-निर्देशन में अपराधियों व अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ झज्जर की पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अभिषेक निवासी बहादुरगढ़ के तौर पर हुई है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले की जानकारी देते हुए स्पेशल स्टाफ प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर थाना शहर झज्जर के क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।आरोपी के खिलाफ थाना शहर झज्जर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की गई। आरोपी को अदालत झज्जर में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अभिषेक के खिलाफ पहले भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।






खेलों के मैदान से नशे और अपराध के खिलाफ संदेश, युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प’
गांव दहकौरा में ग्रामीण खेल प्रतियोगिता के दौरान थाना आसौदा पुलिस व नशा मुक्ति टीम ने खिलाड़ियों और ग्रामीणों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
बहादुरगढ़, 14 अगस्त, अभीतक: पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा के दिशा-निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को गांव दहकौरा में ग्रामीण खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गांव के सरपंच विजय राज रुहील ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर थाना प्रबंधक आसौदा उपनिरीक्षक जय भगवान पहुंचे। इस अवसर पर शिव मंदिर कमेटी से रमेश मास्टर जी एवं अमित रोहिल भी मौजूद रहे।इस दौरान थाना आसौदा पुलिस व नशा मुक्ति बहादुरगढ़ की टीम ने खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों को नशे और अपराध से दूर रहने के लिए जागरूक किया। खेल प्रतियोगिता में युवाओं और ग्रामीणों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।थाना प्रबंधक उपनिरीक्षक जय भगवान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए, ताकि वे नशे और अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सामाजिक मूल्यों को अपनाने तथा बेटियों को पढ़ाई और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने कहा कि बेटियों को समान अवसर देकर शिक्षा और खेलों में आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।इस अवसर पर ग्रामीणों एवं खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार का नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। नशा मुक्ति टीम ने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में थाना आसौदा पुलिस ने ग्रामीणों से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने और युवाओं को खेल एवं शिक्षा से जोड़कर सकारात्मक दिशा प्रदान करने की अपील की।




ऑपरेशन ट्रेकडाउन के तहत झज्जर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से फरार पीओ गिरफ्तार’
18 जनवरी 2022 से पीओ घोषित आरोपी राकेश निवासी डाबोदा को स्पेशल स्टाफ झज्जर ने किया गिरफ्तार
झज्जर, 14 अगस्त, अभीतक: पुलिस कमिश्नरेट झज्जर में डीसीपी मुख्यालय दीप्ति गर्ग के निर्देशन में वांछित एवं उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रेकडाउन के तहत स्पेशल स्टाफ झज्जर की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे एक पीओ आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। स्पेशल स्टाफ झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राकेश निवासी डाबोदा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत द्वारा 18 जनवरी 2022 को पीओ घोषित किया गया था और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी थाना बेरी में वर्ष 2013 में दर्ज एक मामले में वांछित था। उक्त मामले में पेट्रोल पंप पर हथियार के बल पर नकदी लूटने की वारदात के आरोप हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना बेरी में तीन अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।स्पेशल स्टाफ की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।झज्जर पुलिस द्वारा ऑपरेशन ट्रेकडाउन के तहत लंबे समय से फरार पीओ, बेल जंपर तथा अन्य वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।




स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर झज्जर जिला में ड्रोन, ग्लाइडर व पतंग उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध
जिलाधीश वर्षा खांगवाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी किए आदेश
15 अगस्त को मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा प्रतिबंध, उल्लंघन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन व पुलिस विभाग को दिए आवश्यक निर्देश
झज्जर, 14 अगस्त, अभीतक: जिलाधीश वर्षा खांगवाल ने स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर जिला झज्जर में कानून एवं व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश अनुसार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा ड्रोन, ग्लाइडर, पतंग आदि उड़ाकर किसी अप्रिय घटना को अंजाम दिए जाने की संभावना को देखते हुए इन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
राष्ट्रीय पर्व के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधीश की ओर से जारी आदेशों के तहत 15 अगस्त को मध्यरात्रि तक किसी भी प्रकार के ड्रोन, ग्लाइडर, पतंग आदि उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिलाधीश वर्षा खांगवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि अथवा सुरक्षा में सेंध की संभावना को रोकने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
आदेशों की अवमानना करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधीश वर्षा खांगवाल ने बताया कि आदेशों की अवहेलना करने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पूर्ण पालन करें।

राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान हम सभी का दायित्व: डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल का आह्वान-कटा या फटा राष्ट्रीय ध्वज न फहराएं, झंडा संहिता के अनुसार करें सम्मान पूर्वक निस्तारण
झज्जर, 14 अगस्त, अभीतक: डीसी वर्षा खांगवाल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलावासियों से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति पूर्ण सम्मान बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिला भर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान और शान का प्रतीक है तथा इसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सहित विभिन्न अवसरों पर उत्साहपूर्वक तिरंगा फहराया जाता है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी फटा, कटा, मैला अथवा रंग उड़ा हुआ राष्ट्रीय ध्वज न फहराया जाए।
ध्वज का भारतीय झंडा संहिता के प्रावधानों के अनुसार सम्मान पूर्वक निस्तारण जरूरी
डीसी ने कहा कि यदि किसी स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज क्षतिग्रस्त अवस्था में है तो उसे तुरंत हटाकर नया ध्वज फहराएं तथा पुराने ध्वज का भारतीय झंडा संहिता के प्रावधानों के अनुसार सम्मान पूर्वक निस्तारण करें। राष्ट्रीय ध्वज को कभी भी कूड़ेदान में नहीं डालना चाहिए। यदि ध्वज पूरी तरह उपयोग योग्य है तो उसे साफ-सुथरा करके घर के अंदर सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा जा सकता है, ताकि भविष्य में राष्ट्रीय पर्वों पर पुनः उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि तिरंगा कभी भी जमीन को स्पर्श नहीं करना चाहिए और किसी अन्य झंडे को राष्ट्रीय ध्वज से ऊंचा नहीं लगाया जा सकता। राष्ट्रीय ध्वज पर कुछ भी लिखना या बनाना भी नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय भारतीय झंडा संहिता के सभी नियमों का पालन करें। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि भारतीय झंडा संहिता में संशोधन के बाद प्रत्येक नागरिक किसी भी दिन राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकता है, लेकिन इसके साथ राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखना अनिवार्य है।
तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना प्रदर्शित करें नागरिक
डीसी वर्षा खांगवाल में कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का अपमान कानूनन दंडनीय है और राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 तथा भारतीय झंडा संहिता, 2021 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई का प्रावधान है। डीसी ने झज्जर जिलावासियों से आह्वान किया कि 80 वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और अन्य स्थानों पर तिरंगा फहराते हुए राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को प्रदर्शित करें तथा यह भी सुनिश्चित करें कि राष्ट्रीय ध्वज का किसी भी प्रकार से अपमान न हो।



हर घर तिरंगा थीम के साथ आज मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
झज्जर, बहादुरगढ़, बेरी और बादली में 15 अगस्त को होगा भव्य समारोह
झज्जर में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, बहादुरगढ़ में विधायक राजेश जून, बेरी में हरियाणा स्टेट वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन रामकिशन शर्मा और बादली में हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी करेंगी ध्वजारोहण
झज्जर, 14 अगस्त, अभीतक: स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार, 15 अगस्त को झज्जर बहादुरगढ़ , बेरी और बादली में हर घर तिरंगा अभियान थीम के साथ भव्य रूप में मनाया जाएगा। आजादी के जश्न को देशभक्ति से ओतप्रोत व रंगारंग रूप देने के लिए प्रतिभागी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया है। डीसी वर्षा खांगवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि झज्जर जिला मुख्यालय पर शनिवार 15 अगस्त को रोडवेज वर्कशॉप में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणा की स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगी। वहीं उपमंडल बहादुरगढ़ में आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून, बेरी में हरियाणा स्टेट वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन रामकिशन शर्मा और बादली में हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता डांगी ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगी। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य बनाने के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। झज्जर, बेरी,बहादुरगढ़ और बादली में शनिवार 15 अगस्त को राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
करुणा के साथ सावधानी: जगतार सिंह हवारा की पैरोल याचिका पर संतुलित नजरिया
चंडीगढ़, 14 अगस्त, अभीतक: जगतार सिंह हवारा द्वारा अपनी बुजुर्ग और कथित रूप से अस्वस्थ मां से मिलने के लिए अस्थायी पैरोल की मांग एक संवेदनशील मामला है। इसमें मानवीय भावनाओं और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं के बीच संतुलन बनाना जरूरी है। लंबे समय से बेटे से अलग रह रही बुजुर्ग मां की अपने बेटे से मिलने की इच्छा स्वाभाविक है। मानवीय दृष्टि से देखें तो सीमित अवधि के लिए भी मां-बेटे की मुलाकात करवाना संवेदनशील और मानवीय कदम हो सकता है। हालांकि, पूर्व पंजाब मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हवार की स्थिति को देखते हुए अस्थायी रिहाई पर फैसला लेते समय व्यापक सुरक्षा व्यवस्था को भी ध्यान में रखना जरूरी है। ऐसे में बीच का रास्ता निकाला जा सकता है। उचित सुरक्षा और निगरानी के बीच हवार को एक दिन के लिए अपनी मां से मिलने की अनुमति दी जा सकती है। इससे मानवीय पहलू का भी सम्मान होगा और लंबे समय की खुली पैरोल से जुड़ी संभावित जटिलताओं से भी बचा जा सकेगा। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने जुलाई 2026 के अपने आदेश में संबंधित अधिकारियों को जरूरी टिप्पणियां और सिफारिशें हासिल करने के बाद हवार की पैरोल याचिका पर तय समय में प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। अदालत ने खुद उसकी रिहाई का आदेश नहीं दिया था। सुरक्षा विशेषज्ञ प्रो. बलजीत सिंह ने कहा कि इस अंतर को समझना महत्वपूर्ण है। उनका मानना है कि ऐसे मामले में फैसला जनता की भावनाओं या राजनीतिक विचारों के बजाय सक्षम सुरक्षा और जेल अधिकारियों के ताजा आकलन के आधार पर किया जाना चाहिए। पंजाब ने पिछले कई वर्षों में शांति और स्थिरता बनाए रखने की दिशा में काफी प्रगति की है। ऐसे में किसी हाई-प्रोफाइल कैदी से जुड़े मामले में फैसला संतुलित, परिस्थितियों के अनुरूप और कड़ी निगरानी के साथ लिया जाना चाहिए। मां से सीमित अवधि के लिए निगरानी में मुलाकात की अनुमति देना मानवीय संवेदना दिखाने का रास्ता हो सकता है, साथ ही संस्थागत जिम्मेदारी और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा सकती है। वहीं, लंबी अवधि की पैरोल पर फैसला लेने से पहले विस्तृत सुरक्षा आकलन करना उचित होगा। मकसद करुणा से इनकार करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना होना चाहिए कि करुणा और सावधानी साथ-साथ चलें।


हल्द्वानी घटना के विरोध में भिवानी में सडक़ों पर उतरी कांग्रेस
जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर में निकाला रोष मार्च एवं सत्याग्रह, पार्टी अध्यक्ष के अपमान पर भडक़े नेता
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा के बाद मंच का शुद्धिकरण और हवन करवाना समाज व संविधान का अपमान : प्रदीप गुलिया जोगी
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ हुआ दुव्र्यवहार लोकतंत्र और संविधान की मूल आत्मा पर है सीधा हमला : प्रदीप गुलिया जोगी
संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट है पार्टी : प्रदीप गुलिया जोगी
भिवानी, 14 अगस्त : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ दलित नेता मल्लिकार्जुन खडग़े के साथ उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई घटना के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस की शहरी व ग्रामीण जिला कमेटी ने रोष मार्च एवं सत्याग्रह निकाला। इस कार्यक्रम में जिलेभर के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में भाग लेकर अपना कड़ा रोष व्यक्त किया। रोष मार्च की शुरुआत स्थानीय हांसी गेट से हुई, जहां से रोष मार्च निकालते हुए कांग्रेसजन प्रदर्शन करते हुए स्थानीय बासिया भवन के नजदीक स्थित बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर चौक तक पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और संबंधित व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रीय अध्यक्ष के अपमान को लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला बताया। इस मौके पर कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने कड़े शब्दों में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े देश के एक कद्दावर नेता और वंचित वर्ग की सशक्त आवाज हैं। उनके साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार और अपमान देश का हर एक कांग्रेस कार्यकर्ता और संविधान में आस्था रखने वाला नागरिक कभी सहन नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आज देश में तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है, जिसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी का एक-एक सिपाही सडक़ पर उतरकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की जनसभा के बाद मंच का शुद्धिकरण और हवन करवाना अनुसूचित जाति समाज व संविधान का अपमान है। यह घटना लोकतंत्र और भारतीय संविधान की मूल आत्मा पर सीधा हमला है। जाति या पृष्ठभूमि के आधार पर किसी वरिष्ठ जननेता के प्रति ऐसी भेदभावपूर्ण मानसिकता आधुनिक भारत में पूरी तरह से अस्वीकार्य और निंदनीय है। समाज को बांटने वाली इस प्रकार की संकीर्ण मानसिकता का हर स्तर पर पुरजोर विरोध होना बेहद आवश्यक है। प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि यह घटना केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलितों, पिछड़ों और आम जनता के सम्मान पर आघात है। प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि भाजपा की सोच हमेशा से ही अनुसूचित जाति विरोधी रही है तथा भाजपा के शासनकाल में कभी देश के राष्ट्रपति का अपमान किया जाता है तो कभी भाजपा राज में संवैधानिक संस्थाओं और विपक्षी नेताओं की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है तो कभी संविधान की मर्यादाओं को तार-तार किया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संविधान की सभी मर्यादाएं भूलकर सिर्फ तानाशाही करना जानती है। जिसे भिवानी जिला कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि भिवानी के कार्यकर्ताओं की यह एकजुटता इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस पार्टी अन्याय के खिलाफ हर मोर्चे पर डटकर मुकाबला करेगी। इस रोष मार्च एवं सत्याग्रह में जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, तथा अग्रणी संगठनों महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, एससी प्रकोष्ठ, किसान कांग्रेस, लीगल सेल, सेवादल, इंटक और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष संकल्प लिया कि देश में सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।


युवावर्ग को स्वरोजगार के लिए 20 करोड रुपए तक की लोन सुविधा प्रदान करने की मांग बुलंद’
केंद्र-राज्य सरकारों को जल्द बनानी चाहिए रोजगार नीतियां : अशोक प्रधान’
रेवाड़ी, 14 अगस्त, अभीतक: स्वरोजगार के लिए लागत पूंजी के संकट को दूर करने के लिए बेरोजगार युवावर्ग को सरकार से 20 करोड़ रुपए तक की लोन सुविधा प्रदान करने की जोरदार मांग उठी है। इस सिलसिले में स्थानीय अनाज मंडी के समीप आयोजित बैठक में युवावर्ग के बुलावे पर पहुंचे राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि अधिकाधिक युवाओं को रोजगार देने के लिए केंद्र-राज्य सरकारों को रोजगार नीतियां तुरंत बनानी चाहिए। इस अवसर पर कोर कमेटी के सदस्य बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, नंदलाल यादव भी मौजूद थे। युवाओं ने कहा कि लोक सेवा मंच के माध्यम से उठीं उनके हकों की बुलंद आवाज के बलबूते हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकार हुईं चार मांगें युवाओं के कठिनाइयोंभरे जीवन में आंशिक राहत पहुंचाने का काम करेंगी। इस कड़ी में गौरतलब है कि प्रदेश के हर गांव में लाइब्रेरी के निर्माण व जिम खोले जाने के लिए बजट आबंटित हो चुका है। सोनीपत में युवाओं से संवाद करते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने बीते सप्ताह जॉब कैलेंडर जारी करने व कोचिंग में पढ़ रहे युवाओं को बस पास की सुविधा पर ध्यान देने की बात कही। युवाओं को अब रोजगार नीति बनने तथा स्वरोजगार के लिए लोन सुविधा शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है। उन्होंने मांग उठाई कि सरकार को इस दिशा में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान के नेतृत्व में लोक सेवा मंच के माध्यम से उनकी अन्य शेष मांगें भी जल्द स्वीकार होंगीं। सीएम व पीएम मोदी को लिखे पत्र में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि रोजगार नीतियां जल्द बनाकर अधिकाधिक युवाओं को रोजगार देने,स्वरोजगार के लिए 5ः ब्याज दर पर 20 प्रतिशत सरकारी सब्सिडी के साथ लॉन्ग टर्म के लिए 20 करोड रुपए तक की लोन सुविधा, बेरोजगारों को ₹20 हजार रूपए प्रतिमाह जॉब्लेस क्लेम, प्रतियोगी परीक्षाएं-इंटरव्यूज के समय युवाओं को बस-ट्रेन-एरोप्लेन में निःशुल्क यात्रा व निजी वाहन प्रयोग करने पर टोल फ्री, पहला रोजगार मिलने तक बेरोजगारों से आवेदन फीस नहीं लेने,वर्ष में दो बार फ्री मेडिकल चेकअप व संपूर्ण इलाज की निःशुल्क सुविधा तत्काल प्रदान की जानी चाहिए। अशोक प्रधान ने कहा कि सभी समस्याओं का समाधान होने तक मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा।





शहर को आवारा पशुओं से मुक्त करने के लिए जिला नगर आयुक्त का सख्त रुख
पशुपालन विभाग व एजेंसी को भी दिए गए कड़े निर्देश
रेवाड़ी, 14 अगस्त, अभीतक: शहर में आवारा पशुओं (ैजतंल ब्ंजजसम) की वजह से पैदा हो रही समस्याओं और हाल ही में हुए दर्दनाक हादसों को बेहद गंभीरता से लेते हुए जिला नगर आयुक्त, रेवाड़ी प्रदीप अहलावत द्वारा उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई गई। इस बैठक में मुख्य सफाई निरीक्षक, पशुपालन विभाग के उप निदेशक तथा संबंधित एजेंसीध्फार्म के प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान शहर की सड़कों पर पशुओं के जमावड़े को लेकर जिला नगर आयुक्त ने कड़ा संज्ञान लिया। कार्य में लापरवाही और ढिलाई बरतने पर उन्होंने मुख्य सफाई निरीक्षक को फटकार लगाई और चेतावनी दी कि शहर की किसी भी सड़क या सार्वजनिक स्थान पर आवारा पशु घूमते हुए नजर नहीं आने चाहिए।
बैठक के प्रमुख बिंदु एवं निर्देश, 4 महीनों का ब्योरा तलब
जिला नगर आयुक्त ने सीएसआई से पिछले 04 महीनों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसमें यह बताना होगा कि इस दौरान किस गौशाला में कितने आवारा पशुध्गायें भेजी गई हैं। जुर्माना भरकर छुड़ाए गए पशुओं का हिसाबरू आयुक्त ने यह भी रिपोर्ट मांगी है कि पकड़े गए पशुओं में से ऐसे कौन-कौन से मालिक हैं जिन्होंने जुर्माना (फीस) भरकर अपने पशु छुड़वाए हैं, उनकी सूची प्रस्तुत की जाए। एजेंसी से पशुओं की श्रेणीवार रिपोर्ट संबंधित एजेंसी, फार्म को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे पिछले 04 महीनों का पूरा डेटा प्रस्तुत करें कि उन्होंने कुल कितने नंदी (सांड), कितनी गायें और कितने छोटे बछड़ेध्बछड़ियों को पकड़ा है।
पशु स्वास्थ्य व बीमारियों पर चर्चा
बैठक में मौजूद पशुपालन विभाग के उप निदेशक के साथ आवारा व बेसहारा पशुओं को होने वाली विभिन्न बीमारियों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उनके स्वास्थ्य व टीकाकरण का ब्योरा लिया गया।
हादसे पर कार्रवाई के सख्त आदेश
हाल ही में आवारा पशुओं के कारण हुए दुखद हादसे में 02 नागरिकों की जान जाने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिला नगर आयुक्त ने कार्यकारी अधिकारी को नियमानुसार त्वरित व सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला नगर आयुक्त, रेवाड़ी ने कहा कि शहरवासियों की जान-माल की सुरक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। आवारा पशुओं को पकड़ने के अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर दिए जा रहे भिंडी व घीया के बीज
पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेगा लाभ
रेवाड़ी, 14 अगस्त, अभीतक: हरियाणा सरकार बागवानी विभाग के माध्यम से किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान (छूट) पर भिंडी व घीया के बीज उपलब्ध करा रही हैं। यह बीज हरियाणा बीज विकास निगम लिमिटेड के माध्यम से दिए जा रहे है। जिला उद्यान अधिकारी रेवाड़ी डॉ मनदीप यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि बागवानी विभाग द्वारा भिन्डी व घीया का बीज हरियाणा बीज विकास निगम लिमिटेड के माध्यम से रेवाड़ी के किसानों 50 प्रतिशत अनुदान पर दिए जा रहे है। उन्होंने बताया किसान भिन्डी व घीया का बीज खेत में लगाने हेतु बागवानी विभाग से परमिट लेकर अनाज मंडी रेवाड़ी में दुकान नंबर 41 से ले सकते है। उन्होंने बताया कि पहले आओ पहले पाओ के आधार पर इस योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे जल्दी से जल्दी इस योजना का लाभ उठाए। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि भिन्डी व घीया बीज के लिए जरूरी दस्तावेज आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि किसान का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 2 कनाल में भिन्डी अथवा घीया की फसल का पंजीकरण होना अनिवार्य है। किसान का आधार कार्ड तथा किसानों का विभागीय पोर्टल ूूूण्ीवतजदमजण्हवअण्पद पर पंजीकरण होना आवश्यक है।






विस्थापन का दर्द झेलने वाले ज्ञात-अज्ञात लोगों के संघर्ष और बलिदान को किया नमन
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में श्विभाजन विभीषिका स्मृति दिवसश् पर कार्यक्रम का हुआ आयोजन
रेवाड़ी, 14 अगस्त, अभीतक: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (आइजीयू), मीरपुर रेवाड़ी में किया गया। कार्यक्रम में देश के विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले और विस्थापन का दर्द झेलने वाले लाखों ज्ञात-अज्ञात लोगों के संघर्ष और बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर राम नरेश (ग्रुप मुख्यालय, रोहतक), विशिष्ट अतिथि डॉ. सुरेंदर मल्होत्रा (नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं समाजसेवी), कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. असीम मिगलानी और डॉ. सीमा मिगलानी का औपचारिक स्वागत किया। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर राम नरेश ने विद्यार्थियों से कहा कि अपने माता-पिता और गुरुजनों पर कभी संदेह न करें और हमेशा उनका सम्मान करें। उन्होंने कहा कि श्देश हमेशा प्रथमश् होना चाहिए और सभी को बिना किसी स्वार्थ के अपने देश से प्रेम करना चाहिए। सैनिकों का काम सीमाओं पर दुश्मनों से रक्षा करना है, लेकिन नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे समाज में सही संगति चुनें और सतर्क रहें। अगर हम एकजुट और तैयार नहीं रहेंगे तो ऐसी विभीषिकाएं दोबारा हो सकती हैं। उन्होंने छात्रों को स्वभाव में विनम्रता, हास्यबोध और कृतज्ञता बनाए रखने तथा भविष्य में जिम्मेदार अधिकारी बनकर समाज को फायदा पहुंचाने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. सुरेंद्र मल्होत्रा ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि विभाजन के समय लोगों ने कितना कठिन दौर देखा था। उस दौरान जो अमीर थे वे रातों-रात गरीब हो गए और जो गरीब थे उन्होंने अपनी मेहनत से खुद को संभाला। उन्होंने विभाजन के समय फैली धार्मिक कट्टरता, मानवता के पतन और अपनी बहू-बेटियों की इज्जत बचाने के लिए परिवारों द्वारा उठाए गए कठोर कदमों का जिक्र किया। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने पैसों के लालच से दूर रहने और समाज सेवा से जुड़ने की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रथम वर्ष के छात्र गांवों में 12वीं के बच्चों को और 11वीं के छात्र 10वीं के बच्चों को पढ़ाकर शिक्षा का प्रसार करें। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे पायलट के इंटरव्यू से बाहर होने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और देश के राष्ट्रपति बने। युवाओं को अपने चरित्र को मजबूत बनाकर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कहा कि 14 अगस्त का दिन केवल अतीत को याद करने का नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेने का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में इस दिन को श्विभाजन विभीषिका स्मृति दिवसश् के रूप में मनाने की घोषणा की थी, ताकि सेमिनार, डॉक्यूमेंट्री, फोटो प्रदर्शनी और फिल्मों के माध्यम से नई पीढ़ी को इतिहास के सच का पता चल सके। उन्होंने कहा कि विभाजन के उस दौर में नफरत के बीच भी कई लोगों ने दूसरों की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की थी। हमें इतिहास की गलतियों को दोहराने से बचना चाहिए और नफरत के बजाय सौहार्द व एकता को चुनना चाहिए। भारत आज विकसित भारत 2047 की ओर बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने बताया कि कि 1947 का विभाजन केवल सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि यह करोड़ों इंसानों की भावनाओं, परिवारों और जिंदगियों का दर्दनाक विखंडन था। इस दिन के संघर्ष और बलिदान हमें आपसी भाईचारे और राष्ट्र की एकता को बनाए रखने की सीख देते हैं। कार्यक्रम के समापन पर कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों को शॉल एवं श्री कृष्ण जी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन यूथ रेड क्रॉस की संयोजिका प्रो. समृद्धि द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर प्रो. करण सिंह, प्रो. सुनील कुमार, प्रो. रीतू बजाज, प्रो. अदिति शर्मा, प्रो. सतीश सहित विश्वविद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







रेवाड़ी में तिरंगे का महा सैलाब, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा शहर
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के नेतृत्व में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा
पूर्व सैनिकों ने 300 फीट लंबे तिरंगे के साथ संभाला मोर्चा
स्कूली बच्चों में दिखा जबरदस्त जोश
बाजारों में फूल-मालाओं, पुष्प वर्षा और पगड़ी पहनाकर हुआ स्वागत
रेवाड़ी, 14 अगस्त, अभीतक: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को रेवाड़ी में देशभक्ति का ऐसा नजारा देखने को मिला कि पूरा शहर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। रेवाड़ी के विधायक एवं भाजपा हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह यादव के नेतृत्व में निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में शहरवासियों, पूर्व सैनिकों, स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के बीच निकली यात्रा ने पूरे शहर में देशभक्ति की नई ऊर्जा का संचार कर दिया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ बेहद गरिमामय तरीके से हुआ। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव एवं अन्य गणमान्य लोगों ने सबसे पहले महाराजा अग्रसेन चैक पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। दोनों महापुरुषों को नमन करने के बाद विशाल तिरंगा यात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ।
एक तरफ पूर्व सैनिक, दूसरी तरफ स्कूली बच्चों ने संभाला मोर्चा
यात्रा का सबसे आकर्षक और भावुक दृश्य उस समय देखने को मिला जब एक तरफ पूर्व सैनिक करीब 300 फीट लंबे विशाल तिरंगे को पूरे सम्मान के साथ लेकर आगे बढ़ रहे थे, वहीं दूसरी तरफ विभिन्न स्कूलों के बच्चे हाथों में तिरंगा थामे पूरे जोश के साथ यात्रा का मोर्चा संभाले हुए थे। पूर्व सैनिकों का अनुशासन और बच्चों का उत्साह इस तिरंगा यात्रा की विशेष पहचान बन गया। स्कूली बच्चों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम का जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। यात्रा आगे बढ़ती गई और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” के नारों से बाजार और सड़कें गूंजती रहीं। हजारों लोगों की मौजूदगी और चारों तरफ लहराते तिरंगे से ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा रेवाड़ी एक साथ राष्ट्र को नमन करने सड़कों पर उतर आया हो।
बाजारों में जगह-जगह विधायक का भव्य स्वागत
तिरंगा यात्रा के शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरने के दौरान व्यापारियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह व्यापार मंडलों और मार्केट एसोसिएशनों ने विधायक लक्ष्मण सिंह यादव का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। कई स्थानों पर यात्रा पर पुष्प वर्षा की गई। व्यापारियों और आम नागरिकों ने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान, गौरव और असंख्य बलिदानों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों, बच्चों और युवाओं में दिखाई दे रहा राष्ट्रप्रेम इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी अपने देश और तिरंगे के सम्मान के प्रति पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। ऐसी यात्राएं उन अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान से जोड़ने का काम करती हैं।
जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और ‘आई लव रेवाड़ी’ टीम की विशेष भूमिका
इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में जिला पार्षदों, वार्ड पार्षदों, मंडल अध्यक्षों, ‘आई लव रेवाड़ी’ टीम, व्यापार मंडलों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की विशेष भूमिका रही। विशेष रूप से ‘आई लव रेवाड़ी’ टीम ने व्यवस्थाओं से लेकर जनभागीदारी तक जबरदस्त सहयोग और योगदान दिया।
घंटेश्वर महादेव के आशीर्वाद के साथ यात्रा का समापन
शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों से गुजरती हुई तिरंगा यात्रा अंत में घंटेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां विधायक लक्ष्मण सिंह यादव सहित यात्रा में शामिल लोगों ने घंटेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा देश-प्रदेश और रेवाड़ी की खुशहाली, समृद्धि एवं शांति की कामना की। इसके बाद “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के बीच ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के समापन पर विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए रेवाड़ी की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, ‘आई लव रेवाड़ी’ टीम, व्यापार मंडलों के सदस्यों, पत्रकार साथियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों, पार्षदों, जिला पार्षदों, अन्य जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और शहरवासियों का हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति या संगठन का नहीं, बल्कि पूरे रेवाड़ी का आयोजन था और सभी के सामूहिक सहयोग से ही तिरंगा यात्रा ने इतना भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप लिया।
तिरंगा यात्रा के बाद सैकड़ों साथियों के साथ गुरुग्राम रवाना
तिरंगा यात्रा संपन्न होने के बाद भी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव का कार्यक्रम जारी रहा। यात्रा के तुरंत बाद वे सैकड़ों साथियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ गुरुग्राम में आयोजित ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हुए। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के नेतृत्व में रेवाड़ी से सैकड़ों कार्यकर्ताओं का काफिला गुरुग्राम के लिए रवाना हुआ। कुल मिलाकर तिरंगा यात्रा ने रेवाड़ी में राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक सहभागिता का अनूठा दृश्य प्रस्तुत किया। पूर्व सैनिकों के हाथों में विशाल तिरंगा, बच्चों का जोश, हजारों लोगों की भागीदारी और बाजारों में हुआ भव्य स्वागत इस यात्रा को यादगार बना गया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व जिला महामंत्री सत्यदेव यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक मंगला, संजय चैहान, अनिल गौड़, दादा जयपाल, संतोष जैनाबाद, बिजेंद्र डहीना पूर्व पार्षद मनीष गुप्ता, रिंकू सैनी, उमेश शर्मा, मोन्नू बजरंग दल, कैप्टन देवदत्त, संदीप यादव उर्फ खालू, इंदर राव सादीपुर, रत्नेश बंसल, इंदरपाल मुकदम, विनिता पीपल, कृपा जैमिनी, सुमन चैहान, रेखा शर्मा, जयमाला कौशिक, दीपा भारद्वाज, वंदना पोपली, दिनेश भार्गव, जतिन अरोड़ा, रमेश अरोड़ा, बिंदु गुप्ता, सोनिया चक्रवर्ती, पुरुषोत्तम प्रधान मोती चैक, विजय सैनी, बिल्लू चाय वाला, हरियाणा टेंट हाउस, रोहित सैनी, दीपक सैनी, सुनील लैकरा, धीपू पलावासिया, रिपु दमन गुप्त, दिनेश गोयल, नरेश मित्तल, विनय सिंह गोयल, राकेश गुप्ता, संजीव गोयल, धीरज गिरी सिंघला, जितेंद्र सिंह तथा प्रदीप वशिष्ठ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



हर घर तिरंगा अभियान को मिल रही गति, विद्यालयों से घर-घर पहुंच रहा राष्ट्रभक्ति का संदेश
राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, संविधान के प्रति सम्मान और तिरंगे के गौरव का दिया जा रहा संदेश
रेवाड़ी, 14 अगस्त, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में 17 अगस्त तक चलने वाले श्हर घर तिरंगा अभियान-2026श् को शिक्षण संस्थाओं के माध्यम से जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। जिला के विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, संविधान के प्रति सम्मान और तिरंगे के गौरव का संदेश घर-घर पहुंचाया जा रहा है।
हर घर तिरंगा बन रहा जन-जन का अभियान
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि 15 अगस्त तक चलने वाले श्हर घर तिरंगा अभियान-2026श् के अंतर्गत विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शिक्षण संस्थान इस अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार का केंद्र बन रहे है और जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है ताकि तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र गौरव का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।




सीएम विंडो की शिकायतों के समाधान को लेकर बैठक आयोजित
रेवाड़ी, 14 अगस्त, अभीतक: डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में नगराधीश जितेंद्र कुमार ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम विंडो के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री हरियाणा के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी टू सीएम) राकेश संधु ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा हेतु राज्य स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंनेे सीएम विंडो की शिकायतों बारें विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जूडे मामलों व शिकायतों के निपटान हेतु सभी बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। वीसी उपरांत बैठक में नगराधीश जितेंद्र कुमार ने सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र निपटान करें। इसके साथ-साथ वीसी में जो दिशा-निर्देश मिले हैं उनकी अनुपालना के तहत तत्परता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समयबद्ध समाधान से शिकायतकर्ताओं को राहत मिलेगी तथा प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा। इसके साथ ही उन्होंने समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के भी निर्धारित समय सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी रूप से समाधान करने के उद्देश्य से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सभी अधिकारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लोगों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान करवाना सुनिश्चत करें।





